अधिकारियों ने किया विशेष सफाई अभियान का निरीक्षण।

 


हर खबर की दुनिया,इटारसी- सर्वेक्षण 2022 और दीपावली के लिए नगर पालिका द्वारा चलाये जा रहे विशेष सफाई अभियान के दौरान गंदगी और कचरा करने वाले तीन लोगों को नगर पालिका ने नोटिस जारी किये हैं। आज नगर पालिका के अधिकारियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर चल रहे विशेष सफाई कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ जगह कचरा और गंदगी मिलने पर संबंधित को नोटिस जारी किया गया है।

सुबह मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती हेमेश्वरी पटले ने खेड़ा क्षेत्र में जाकर सफाई कार्य का जायजा लिया। इस दौरान नेशनल हाईवे पर एक दुकान के सामने बहुत सारा कबाड़ पड़ा देखकर उन्होंने तत्काल दुकानदार गुरविन्दर सिंह को मौके पर ही नोटिस जारी कराया। इसके अलावा प्रीतम साहू चौथी लाइन और नेमीचंद सातवी लाइन को भी उनके आसपास कचरा और गंदगी मिलने पर नोटिस जारी कर संबंधित को तत्काल कचरा साफ करने, गंदगी हटाकर शासन की योजना में सहयोग करने को कहा है। यदि पुन: इस तरह की गंदगी या कचरा मिलेगा तो नियमानुसार धारा 133 के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने किया निरीक्षण

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं प्रशासक नगर पालिका मदन सिंह रघुवंशी ने आज उन क्षेत्रों का निरीक्षण किया जहां कल अव्यवस्था मिलने पर उनको दूर करने के निर्देश दिये थे। दोनों अधिकारियों ने लाइन क्षेत्र के अलावा बाजार का भी निरीक्षण किया। कल जिस खाली प्लाट पर गंदगी मिली थी, वहां आज सफाई हो गई है।


नाला निर्माण का निरीक्षण

मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती हेमेश्वरी पटले ने खेड़ा पर नेशनल हाईवे 69 के किनारे बन रहे नाला के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और ठेकेदार को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाये रखने के निर्देश दिये। बता दें कि नेशनल हाईवे किनारे गोल्ड मार्क के पास से आगे मुंडा पुल तक नगर पालिका द्वारा नाला निर्माण कराया जा रहा है।

Comments